सितारगंज। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए सफल ऑपरेशन सिंदूर की उपलब्धि के उपलक्ष्य में सितारगंज में तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा निकाली गई। इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, स्कूली छात्र एवं सेवानिवृत्त सैनिक शामिल हुए। यात्रा एमपी चौक से शुरू होकर मुख्य चौराहे होते हुए तिरंगा चौराहे तक निकाली गई। प्रतिभागियों ने तिरंगा लहराकर सेना के पराक्रम और बलिदान को नमन करते हुए जोरदार नारे लगाए।
गौरव सेनानी संगठन के अध्यक्ष कैप्टन आत्मा सिंह ने कहा कि सेना ने आतंकवादियों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया है, जिससे देश का गौरव और आत्मविश्वास दोनों बढ़ा है। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, उमाशंकर दुबे, अमित रस्तोगी, सुमन राय, भोलादत्त जोशी, अभिषेक जैन, गुरदीप सिंह चौहान, नवीन भट्ट, आनंद बल्लभ भट्ट समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नानकमत्ता में भी शौर्य और पराक्रम को किया सलाम
नानकमत्ता। भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को नमन करते हुए यहां पूर्व सैनिक संगठन, भाजपा और व्यापारी संगठनों ने संयुक्त रूप से तिरंगा यात्रा निकाली। गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब के समीप मैदान में विभिन्न वर्गों के लोगों ने एकत्र होकर देशभक्ति का संदेश दिया।
यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए सितारगंज मार्ग स्थित पैलेस में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना ने आतंकवादियों को घर में घुसकर करारा जवाब दिया है। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष धर्म सिंह बिष्ट, कैप्टन चंद्र सिंह परिहार (सेनि), हीरा चंद, दिल बहादुर बम, वरुण अग्रवाल, विकास गुलाटी, छगनलाल अग्रवाल, इंद्रपाल सिंह, केडी गहतोड़ी, जगदीश जोशी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आज कंजाबाग और झनकट में भी निकलेगी तिरंगा शौर्य यात्रा
खटीमा/झनकट। सेना के सम्मान में भाजपा कंजाबाग और झनकट आज तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा आयोजित करेगी। कंजाबाग मंडल अध्यक्ष महेश राणा ने बताया कि यात्रा मंगलवार सुबह 9:30 बजे सिद्धेश्वर शिव मंदिर से शुरू होकर पूरे शहर में निकाली जाएगी।
वहीं झनकट मंडल अध्यक्ष बलदेव सिंह ने बताया कि सुबह 8 बजे से झनकट बाजार में यात्रा का आयोजन होगा। दोनों ही यात्राओं में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम जनता के शामिल होने की उम्मीद है।